नवागत खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार का पुष्पगुच्छ व गौतम बुद्ध की प्रतिमा भेंटकर स्वागत
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। विकासखंड पंडरी कृपाल में नवागत खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार के कार्यभार ग्रहण करने पर उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ की जनपद एवं ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों, शिक्षक प्रतिनिधियों और शिक्षकों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान नवागत खंड शिक्षा अधिकारी को पुष्पगुच्छ और महात्मा गौतम बुद्ध की प्रतिमा भेंटकर नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
स्वागत समारोह में संगठन की जनपद इकाई के संयुक्त मंत्री राम गोपाल गुप्ता, ब्लॉक उपाध्यक्ष देशरत्न, अजय कुमार सिंह, ब्लॉक मंत्री नरसिंह पाल वर्मा, कोषाध्यक्ष सुधाकर पांडेय, उपाध्यक्ष संगीता गुप्ता, सदस्य उमेश जायसवाल तथा रुपईडीह ब्लॉक अध्यक्ष अनुप तिवारी, मंत्री गौरव सिंह और कोषाध्यक्ष सत्येंद्र कश्यप मौजूद रहे। सभी ने नवागत खंड शिक्षा अधिकारी का स्वागत करते हुए उनके साथ शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी रामानंद तिवारी, रामस्वरूप भास्कर और राघवेंद्र सहित अन्य शिक्षकों ने भी नवागत अधिकारी को शुभकामनाएं दीं। शिक्षक प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में विकासखंड में बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयों की व्यवस्थाओं और शैक्षिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। संगठन की जिलाध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष किरन सिंह ने नवागत खंड शिक्षा अधिकारी के सफल, सुखद एवं सार्थक कार्यकाल की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पंडरी कृपाल विकासखंड शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर उपलब्धियां हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि समन्वय, सकारात्मक कार्यशैली और शिक्षकों के सहयोग से ब्लॉक को जनपद के अग्रणी विकासखंडों में स्थापित करने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जाएंगे। स्वागत कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। उपस्थित शिक्षक प्रतिनिधियों ने शिक्षा विभाग और शिक्षक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा विकासखंड में शैक्षिक प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
.
.
.
.
.
.

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996