शिक्षक पदोन्नति की मांग पर शैक्षिक महासंघ ने बीएसए से की वार्ता, सोमवार से धरने की चेतावनी
अंतरिम वरिष्ठता सूची और पदोन्नति का शेड्यूल जारी करने की मांग तेज, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र मिश्र ने कहा- आदेश जारी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। परिषदीय शिक्षकों की लंबित पदोन्नति का मामला एक बार फिर गरमा गया है। पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र मिश्र के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह से मुलाकात कर वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल ने पदोन्नति से संबंधित अंतरिम वरिष्ठता सूची जारी करने और पदोन्नति का निर्धारित कार्यक्रम (शेड्यूल) घोषित करने की मांग उठाई।
वार्ता के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को अंतिम सूची जारी करने का आश्वासन दिया। इस पर महासंघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब पदोन्नति प्रक्रिया में और विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र मिश्र ने कहा कि यदि शनिवार तक अंतरिम वरिष्ठता सूची जारी नहीं की गई और पदोन्नति का शेड्यूल घोषित नहीं किया गया तो महासंघ सोमवार से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि यह धरना पदोन्नति का आदेश जारी होने तक जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों की पदोन्नति लंबे समय से लंबित है। इससे पात्र शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। महासंघ लगातार विभागीय अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को उठा रहा है, लेकिन अब शिक्षकों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और स्पष्ट समयसीमा चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षकों के अधिकारों और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है तथा पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने तक संघर्ष जारी रखेगा।
प्रतिनिधिमंडल में मंडलीय महामंत्री गजाधर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उदय भान वर्मा, संयुक्त महामंत्री आनंद प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष भास्कर दुबे, मंत्री जितेंद्र कुमार तिवारी, संयुक्त मंत्री शिवार्चन सिंह, कटरा ब्लॉक अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष राजेश सोनी, बेलसर ब्लॉक मंत्री मनोज कुमार शुक्ला, मीडिया प्रभारी संजय कुमार श्रीवास्तव, ललित मिश्र, पवन पांडेय, आशीष जौहरी, जय प्रकाश, धर्मेंद्र तिवारी और विनय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।