पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बने अशोक कुमार पांडेय
नरेंद्र कुमार सिंह कोषाध्यक्ष और अजीत तिवारी को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी, अधिवेशन में शिक्षक हितों और संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। शहर के गांधी पार्क स्थित डॉ. संपूर्णानंद प्रेक्षागृह (टाउन हॉल) में जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ का जनपदीय अधिवेशन, गोष्ठी एवं निर्वाचन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अधिवेशन में संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अशोक कुमार पांडेय को जिलाध्यक्ष, नरेंद्र कुमार सिंह को जिला कोषाध्यक्ष और अजीत तिवारी को जिला महामंत्री निर्वाचित घोषित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक हितों की रक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
समारोह में जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष राधा कृष्ण पाठक, प्रदेश अध्यक्ष योगेश त्यागी, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी और मंडल अध्यक्ष वीर विक्रम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के जिलाध्यक्ष, महामंत्री तथा विभिन्न कार्यकारिणियों के पदाधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया। जनपद के सभी विकास खंडों से पहुंचे सैकड़ों शिक्षकों की मौजूदगी में संगठन की एकजुटता और भावी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों और मंचासीन पदाधिकारियों ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पुष्पांजलि अर्पित की गई। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। उन्हें बैज अलंकरण के साथ अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। अधिवेशन के दौरान वक्ताओं ने शिक्षकों की समस्याओं, उनके अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में शिक्षक संगठनों की भूमिका पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने संगठन की एकजुटता को शिक्षक हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सर्वसम्मति से चुनी गई नई जिला कार्यकारिणी
अधिवेशन के दूसरे सत्र में जिला कार्यकारिणी के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में श्रावस्ती के जिलाध्यक्ष राम नरेश यादव और चुनाव अधिकारी के रूप में मंडल उपाध्यक्ष उबेदुर्रहमान ने जिम्मेदारी निभाई। निर्वाचन प्रक्रिया के बाद अशोक कुमार पांडेय को जिलाध्यक्ष, नरेंद्र कुमार सिंह को जिला कोषाध्यक्ष और अजीत तिवारी को जिला महामंत्री निर्वाचित घोषित किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद उपस्थित शिक्षकों और पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा। शिक्षक हितों की रक्षा, उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाने और समस्याओं के समाधान की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा शिक्षकों के बीच समन्वय बनाए रखने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कई प्रांतीय और मंडलीय पदाधिकारी रहे मौजूद
समारोह में प्रांतीय संरक्षक राधा कृष्ण पाठक, प्रांतीय लेखाकार राजेश कुमार शुक्ला, प्रांतीय संयुक्त मंत्री सुशील कुमार, मंडल कोषाध्यक्ष संतोष पांडेय सहित आनंद प्रताप सिंह, यशवंत पांडेय, रूपेश पांडेय, धर्मेंद्र प्रताप सिंह और विनय सिंह समेत अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न विकास खंडों से आए शिक्षकों की भागीदारी ने अधिवेशन को व्यापक स्वरूप दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।