मिशन 2027 फतह करेगा इंडिया गठबंधन : शिवकुमार दुबे

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
भाजपा सरकार जनता का ध्यान भटकाने में जुटी, 2027 में यूपी में बनेगी इंडिया गठबंधन की सरकार: शिवकुमार दुबे
श्री दुबे बोले कि राहुल गांधी के नेतृत्व में वोट चोरी के मुद्दे पर हुई विपक्ष की एकजुटता से भाजपा में बेचैनी, महंगाई-बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर घिर गई है भाजपा सरकार
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी शिवकुमार दुबे ने आरोप लगाया है कि 12 अक्टूबर को दिल्ली में राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेताओं के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ वोट चोरी के आरोपों को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन से भाजपा सरकार असहज हो गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के इस प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाएं उनकी बेचैनी को दर्शाती हैं। जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने के लिए प्रदर्शन में शामिल लोगों की संख्या को लेकर बयानबाजी की जा रही है।
शिवकुमार दुबे ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह की ओर से प्रदर्शन में आठ हजार लोगों के शामिल होने की बात कहना वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास है। उनके मुताबिक, बीबीसी सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया पर इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का सवाल केवल भीड़ की संख्या का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़ा है।
कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी दल सभी मोर्चों पर विफल होने के कारण राजनीतिक हताशा का सामना कर रहे हैं। उन्हें अहसास हो गया है कि राहुल गांधी वर्ष 2029 में देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं। इसी आशंका के चलते भाजपा कभी कांग्रेस नेताओं, कभी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कभी तेजस्वी यादव और कभी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाना बनाकर अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश करती है।
उन्होंने कहा कि देश के युवा, किसान, महिलाएं, श्रमिक और छात्र अब भाजपा की कथनी और करनी के अंतर को समझने लगे हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही है और बेरोजगारी की समस्या गंभीर बनी हुई है। किसानों के कर्ज माफी के मुद्दे पर भी सरकार जनता को संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रही है। वहीं, उन्होंने उद्योगपति गौतम अडानी को लेकर भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के पास जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने के अलावा कुछ नहीं है।
कॉग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवकुमार दुबे ने दावा किया कि भाजपा की बयानबाजी और जुमलेबाजी का असर अब जनता पर नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है और इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का रास्ता साफ होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनहित के मुद्दे, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएंगी।
6 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *