182 अंकों के साथ नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज नवाबगंज ओवरऑल चैंपियन
जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में तीनों वर्गों में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, दो दशक से कायम है विद्यालय का दबदबा
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
नवाबगंज, गोंडा। गोंडा के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित माध्यमिक विद्यालयों की जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, नवाबगंज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 182 अंक हासिल किए और ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता के सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर तीनों वर्गों में विद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
एथलेटिक्स के क्षेत्र में नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज नवाबगंज की छात्राओं का दबदबा पिछले करीब दो दशकों से लगातार कायम है। इस वर्ष भी छात्राओं ने विभिन्न व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। प्रतियोगिता में छात्राओं ने दौड़, जेवलिन थ्रो, ट्रिपल जंप, गोला फेंक और चक्र फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन किया।
अंजली यादव ने तीन स्पर्धाओं में जीता स्वर्ण
कक्षा 11 की छात्रा अंजली यादव ने जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जेवलिन थ्रो, 800 मीटर दौड़ और ट्रिपल जंप में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। तीन स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ उन्होंने जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत चैंपियनशिप भी अपने नाम की।
कोमल और अर्चना का भी शानदार प्रदर्शन
सब-जूनियर वर्ग में कक्षा आठ की कोमल यादव ने 200, 400 और 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अर्चना यादव ने 100 मीटर दौड़, गोला फेंक और चक्र फेंक में प्रथम स्थान हासिल किया। दोनों छात्राओं के शानदार प्रदर्शन ने विद्यालय के चैंपियन बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में छात्राओं की सफलता पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा दूबे, पूर्व प्रधानाचार्या सुनीता रानी, सरिता तिवारी, व्यायाम शिक्षिका किरन चौहान, प्रियंका गुप्ता, कंचन सिंह, सुमन श्रीवास्तव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विजेता छात्राओं को बधाई दी। शिक्षिकाओं ने व्यायाम शिक्षिका किरन चौहान के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की भी सराहना की।
प्रधानाचार्या सीमा दूबे ने कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की मेहनत, अनुशासन, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की छात्राओं ने लगातार बेहतर प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर बेटियां किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक रामचन्द्र ने नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, नवाबगंज को ओवरऑल चैंपियनशिप प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय परिवार ने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि नवाबगंज ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद गोंडा के लिए गर्व का विषय है।

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996