सेवा संकल्प अभियान में पोषण और स्वास्थ्य का संदेश, योजनाओं से लाभार्थियों को जोड़ा
नवाबगंज ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक रमापति शास्त्री ने किया शुभारंभ, पोषण रेसिपी की प्रदर्शनी और जागरूकता गतिविधियों ने खींचा ध्यान
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। विकासखंड नवाबगंज परिसर में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रमापति शास्त्री, नगर पालिका अध्यक्ष सतेन्द्र सिंह तथा ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहन रेखा दीदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बाल विकास परियोजना अधिकारी रमा सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सेवा संकल्प अभियान और पोषण माह के उद्देश्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विधायक रमापति शास्त्री ने विभाग की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों से विभिन्न विधियों से तैयार की गई पोषण रेसिपी की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई। विधायक ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए पौष्टिक आहार को बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, बच्चों के समुचित विकास तथा कुपोषण की रोकथाम के संबंध में जानकारी दी गई। गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषणयुक्त भोजन के साथ समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया गया। किशोरियों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण गीत प्रस्तुत कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, कुपोषण की रोकथाम और परिवारों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित पोषण एवं बाल विकास सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से पात्र परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आसपास के परिवारों को भी योजनाओं की जानकारी देने की अपील की गई।
इस अवसर पर मुख्य सेविका मीना उपाध्याय, मिताली सिंह, दिपाली सिंह, प्रीति सिंह, मोहिनी मौर्या, वरिष्ठ लिपिक धीरेन्द्र सिंह, कनिष्ठ लिपिक इकबाल अंसारी, ब्लॉक कोआर्डिनेटर अतुल कुमार सिंह, मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, विभागीय कर्मचारी और लाभार्थी मौजूद रहे।
.
.
.
.
.
.

.
.
.


.
.
.
.
.
.
.

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996