विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक सोच और नवाचार की झलक
जल संरक्षण से स्मार्ट सिटी तक मॉडलों के जरिए विद्यार्थियों ने समझाए विज्ञान के उपयोग
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा । बीएस इंटर कॉलेज चौबेपुर में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष अजीत सिंह ने छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए जल संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग, सोलर वाटर प्यूरीफायर और स्मार्ट सिटी समेत विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से मॉडलों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली और उनकी जिज्ञासाओं व शंकाओं का समाधान किया। उत्कृष्ट मॉडलों की सराहना करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अजीत सिंह ने कहा कि विज्ञान के युग में भारत ने तकनीकी क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए। विज्ञान केवल किताबों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह सोचने, समझने और कुछ नया करने की दृष्टि प्रदान करता है। आज के विद्यार्थी ही भविष्य के वैज्ञानिक और आविष्कारक बनकर भारत को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रधानाचार्य मनोज कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं अंशुमान शुक्ला, कोमल पांडेय, शिवानी तिवारी, रुद्र प्रताप सिंह और हिमांशु को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
प्रदर्शनी के आयोजन में विज्ञान शिक्षक उमेश पांडेय और महेश पांडेय का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
.
.
.

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996