नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : प्रोफेसर

अयोध्या गोंडा
नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : प्रो. अरविंद कुमार शर्मा
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोंडा। प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रव्यापी संकल्प के तहत श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के ललिता शास्त्री सभागार में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह के निर्देशानुसार आयोजित हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्ति से घृणा करने के बजाय उसके प्रति सहानुभूति रखनी चाहिए और उसे नशामुक्त जीवन की ओर ले जाने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम संयोजक डॉ. रेखा शर्मा ने कहा कि नशाग्रस्त व्यक्ति केवल अपना जीवन ही बर्बाद नहीं करता, बल्कि अपने माता-पिता के सपनों को भी तोड़ता है। नशे का दुष्प्रभाव बच्चों के भविष्य, परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से देश को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के अंतर्गत नशामुक्ति विषय पर भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। भाषण प्रतियोगिता में मानसी सिंह ने प्रथम, संदीप तिवारी ने द्वितीय तथा मोहम्मद जैद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में मेहविश मिराज प्रथम, राज द्वितीय और कमलवासनी तिवारी तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका डॉ. चमन कौर, डॉ. संतोष श्रीवास्तव एवं डॉ. मनोज मिश्रा ने निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन एनसीसी प्रभारी डॉ. अमित शुक्ला ने किया, जबकि एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चमन कौर ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवन सिंह, डॉ. परवेज आलम, डॉ. दिलीप शुक्ला, डॉ. दलीप सिंह, डॉ. संजय कुमार, डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव एवं डॉ. अमित दुबे का सराहनीय सहयोग रहा।

4 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *