नारी शक्ति, सेवा और संस्कार का संदेश देकर संपन्न हुआ एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर
समापन समारोह में एसपी विनीत जायसवाल ने छात्राओं को किया सम्मानित, सामाजिक सेवा को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की प्रथम एवं द्वितीय इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन रविवार को भव्य समारोह के साथ हुआ। उपरहितन पुरवा और जानकी नगर में आयोजित इस शिविर के अंतिम दिन छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों के माध्यम से सेवा, संस्कार और नारी शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान जानकी नगर शिव बहादुर पाण्डेय, प्रधानाचार्य शिव शंकर शुक्ला, योग प्रशिक्षक अंजनी कुमार दूबे और करुणेश पटेल सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ एनएसएस की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। महाभारत की मार्मिक कथा “द्रौपदी चीर हरण” पर आधारित अभिनय और नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भावुक कर दिया। इस प्रस्तुति में खुशी, कशिश, कोमल, मिश्रा और सिमरन शुक्ला ने अपनी अभिनय प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्रा निशा यादव ने अपनी स्वरचित कविता “मैं हिन्दुस्तान हूँ” प्रस्तुत कर देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का संदेश दिया। वहीं काव्या तिवारी, प्रिया पटेल और आर्या तिवारी ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। छात्रा मरियम ने ताइक्वांडो की प्रस्तुति देकर नारी शक्ति, आत्मरक्षा और आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान शिविर की सात दिवसीय गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट सविता मक्कड़ ने प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेविकाओं ने स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम, योगाभ्यास, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े कार्यों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
शिविर के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। विशेष लीडर के रूप में राधा मिश्रा, सुपर लीडर पूर्णिमा शुक्ला, अनुशासन लीडर कशिश सिंह और खुशी जायसवाल, तथा ग्रुप लीडर निशा यादव, श्रद्धा गंगवार, सविता मक्कड़ और सिमरन शुक्ला को उनके सराहनीय कार्यों के लिए ग्राम प्रधान द्वारा पुरस्कृत किया गया।
सत्र 2025-26 के लिए “एनएसएस द बेस्ट” का खिताब श्रद्धा गंगवार को प्रदान किया गया। इसके अलावा एनएसएस के चारों समूहों की सर्वश्रेष्ठ छात्राओं को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराती है। ऐसे शिविरों से छात्राओं में सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित होती है, जो आगे चलकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम का संचालन राधा मिश्रा ने किया। समस्त कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डा. मौसमी सिंह और डा. नीतू सिंह के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
समापन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डा. आरती श्रीवास्तव, व्यवस्थापिका डा. आनन्दिता रजत, भूतपूर्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डा. नीलम छाबड़ा और रंजना बन्धु, एनएसएस स्टाफ विजय प्रकाश श्रीवास्तव एवं दिनेश श्रीवास्तव सहित ज्ञानस्थली परिवार के सभी सदस्यों ने शिविर के सातों दिनों में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए स्वयंसेविकाओं का उत्साहवर्धन किया।
