रंग-बिरंगी अबीर-गुलाल संग निकलेगी सतरंगी निशान शोभायात्रा, पहली बार गोंडा पहुंचेगा सूरजगढ़ का निशान
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोंडा। शहर में आस्था और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जब शुक्रवार को श्री श्याम भक्तों द्वारा भव्य सतरंगी निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर श्री श्याम मंदिर में एक दिवसीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुरेश भावसिंहका ने की। बैठक में शोभायात्रा एवं भजन संकीर्तन कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और श्रद्धालुओं ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभाल लीं।
कार्यक्रम के तहत शुक्रवार सुबह 8 बजे रानी बाजार स्थित श्री राम जानकी मारवाड़ी धर्मशाला से भव्य निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा अग्रसेन चौराहा, साहबगंज नूरामल मंदिर होते हुए बड़गांव पुलिस चौकी तक जाएगी और पुनः वापस लौटकर श्री श्याम मंदिर पहुंचेगी, जहां बाबा खाटूश्याम जी के चरणों में निशान अर्पित कर श्रद्धालु आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
शोभायात्रा के दौरान भक्तगण रंग-बिरंगी अबीर-गुलाल उड़ाते हुए भक्ति गीतों के साथ पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में रंग देंगे।
सायंकाल 6 बजे से मंदिर प्रांगण में फागुनी धमाल के साथ भव्य संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसमें वाराणसी की सुप्रसिद्ध भजन गायिका पायल अग्रवाल एवं दिल्ली से भजन गायक शिवम-पारस अपनी प्रस्तुतियों से श्याम भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक गोविंद जालूका ने बताया कि इस बार का आयोजन विशेष होने जा रहा है। वहीं अध्यक्ष सुरेश भावसिंहका ने जानकारी दी कि गोंडा में पहली बार राजस्थान के सूरजगढ़ से तैयार होकर आया निशान भी शोभायात्रा में शामिल होगा, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।
बैठक में पुनीत बंसल, अजय अग्रवाल, आशीष भावसिंहका, सुशील पचेरिया, गोविंद जालूका, अरिहंत जैन, उत्कर्ष सिंघल, विमलेश सिंघल, नितेश मित्तल, संदीप भावसिंहका, अनूप बंसल सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।