प्राथमिक शिक्षक संघ का सांगठनिक चुनाव सम्पन्न

उत्तर प्रदेश गोंडा
गोशेंद्रपुर में शिक्षकों की आयोजित हुई संगोष्ठी, संगठन विस्तार के साथ शिक्षा सुधार पर मंथन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News :

गोण्डा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के निर्देशन में शनिवार को प्राथमिक शिक्षक संघ गोण्डा द्वारा प्राथमिक विद्यालय गोशेंद्रपुर परिसर में शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आए शिक्षकों ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों और संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम की शुरुआत संगोष्ठी के साथ हुई, जिसमें वक्ताओं ने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों, छात्रों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण विकसित करने पर विचार व्यक्त किए। शिक्षकों को तकनीकी एवं गतिविधि आधारित शिक्षण विधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
इसके उपरांत संगठन विस्तार की प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार की देखरेख में संपन्न हुई। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराई गई, जिसमें सभी पदों पर सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन हुआ। अमित कुमार को अध्यक्ष, स्वामीनाथ उपाध्याय को महामंत्री तथा कमल किशोर नरवरिया को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया।
इसी क्रम में शुभम जायसवाल को संयुक्त मंत्री, शब्बीर अली एवं सोनू बघेल को उपाध्यक्ष, शुभम रस्तोगी, शैलेन्द्र शुक्ल तथा रंजीत को संगठन मंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचित पदाधिकारियों का शिक्षकों ने जोरदार स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती ही शिक्षकों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को एकजुट होकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भी संगठित रहना होगा। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम है और इसके लिए निरंतर प्रयास आवश्यक है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह, जिलामंत्री आशीष द्विवेदी, मंत्री मुजेहना विवेक कुमार तिवारी, मो. मुशीर सिद्दीकी, रिजवान अहमद अंसारी, जीलखेश्वरी प्रसाद वर्मा, जुग्गी लाल वर्मा सहित विकास खंड के सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने नवगठित टीम को संगठन को और मजबूत बनाने तथा शिक्षकों के हित में कार्य करने का संकल्प दिलाया।
अंत में शिक्षकों ने एक स्वर में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यालयों में बेहतर माहौल बनाने और संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।

10 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *