अंतरराष्ट्रीय मंच पर गोंडा की प्रतिभा का हुआ सम्मान: नेपाल की राजधानी काठमांडू में ‘मातृभाषा रत्न’ उपाधि से नवाजी गईं डॉ नेहा अग्रवाल
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। जनपद गोंडा की लोकप्रिय कवयित्री एवं शिक्षिका डॉ. नेहा अग्रवाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। काठमांडू में आयोजित समारोह में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर नेपाल की प्रतिष्ठित संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन, नेपाल द्वारा उन्हें ‘मातृभाषा रत्न’ मानद उपाधि से अलंकृत किया गया।
इस अवसर पर नेपाल, भारत सहित पांच देशों के लगभग एक हजार साहित्यकारों, शिक्षकों और प्रतिभाओं को ‘मातृभाषा रत्न’ एवं ‘मातृभाषा गौरव’ सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्था का उद्देश्य नेपाल-भारत मैत्री को सुदृढ़ करना, देवनागरी लिपि के संरक्षण-संवर्द्धन को बढ़ावा देना तथा हिंदी-नेपाली जैसी भाषाओं के वैश्विक प्रचार-प्रसार को गति देना है।
डॉ. नेहा अग्रवाल को प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनकी कई साहित्यिक कृतियां प्रकाशित हो चुकी हैं और वे विभिन्न सामाजिक व साहित्यिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़ी हैं। उन्हें पूर्व में भी कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
संस्था के अध्यक्ष आनंद गिरि मायालु ने कहा कि शब्द प्रतिभा का उद्देश्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उनमें नई ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने कहा कि गोंडा की शिक्षिका एवं कवयित्री डॉ. नेहा अग्रवाल का अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करना न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
डॉ. नेहा अग्रवाल की रचनाएं समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करती हैं। बहुमुखी प्रतिभा की धनी डॉ. नेहा जैसी रचनाकारों को राज्य स्तर पर भी प्रोत्साहन मिलना चाहिए, जिससे साहित्यिक सृजन को और बढ़ावा मिल सके।
डॉ. नेहा अग्रवाल को इस उपलब्धि पर उनके परिचितों, सहयोगियों और शुभचिंतकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।