रामेश्वर नाथ धाम में तीन दिवसीय जनहित मेले का शुभारंभ, सुंदरकांड के साथ शुरू हुआ सेवा व संस्कृति का महापर्व
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता*

Gonda News
गोंडा। जनपद के ग्राम नौबस्ता स्थित रामेश्वर नाथ धाम परिसर में बुधवार को तीन दिवसीय जनहित मेले का भव्य शुभारंभ सुंदरकांड पाठ के साथ प्रातः 10 बजे हुआ। शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मेले में पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
मेले के मुख्य आयोजक डॉ. दीपेन सिन्हा हैं, जो पिछले लगभग 38 वर्षों से अमेरिका में निवास कर रहे हैं, किंतु मूल रूप से जनपद गोंडा से जुड़े हैं। अपने पैतृक गांव एवं पूज्य पिता स्वर्गीय श्री रामेश्वरनाथ सिन्हा की स्मृति को संजोए रखने और जनसेवा के उद्देश्य से वे प्रतिवर्ष इस तीन दिवसीय मेले का आयोजन करते हैं। डॉ. सिन्हा ATC Labs, न्यू जर्सी के सीईओ एवं प्रेसिडेंट हैं। साथ ही वे NIPL के डायरेक्टर तथा आर.एन. सिन्हा फाउंडेशन के चीफ ट्रस्टी भी हैं।
आर.एन. सिन्हा फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित मेले में ग्रामीणों की सुविधा के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, टीबी जांच केंद्र एवं स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त कानूनी परामर्श, कृषि विभाग, बैंक, लोकवाणी और जनसेवा केंद्र के स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गैस कनेक्शन स्टॉल पर मौके पर ही गैस कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं, जबकि बिजली विभाग द्वारा बिल भुगतान, शिकायत निस्तारण और नए कनेक्शन की सुविधा दी जा रही है।
मेले में पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल ने अखंड ज्योति प्रज्वलित कर ज्ञान-विज्ञान क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रश्नपत्र वितरण कर तन्वी मलिक ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस प्रतियोगिता में लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसे दो वर्गों—कक्षा 8 से 10 और कक्षा 11 से 12—में विभाजित किया गया है। विजेताओं की घोषणा मेले के अंतिम दिन की जाएगी। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को वर्ष भर की छात्रवृत्ति दी जाएगी, जबकि प्रत्येक वर्ग से दस विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
बच्चों के मनोरंजन और विकास को ध्यान में रखते हुए मेले में ऊंट की सवारी, विभिन्न झूले और नाव की सवारी की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन जादू शो और कठपुतली शो का आयोजन भी किया जा रहा है। मीना बाजार और विविध खान-पान के स्टॉल ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
सायं 6 बजे मंदिर परिसर में आयोजित भव्य आरती मेले का विशेष आकर्षण रही, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने सहभागिता की। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। रात्रि में ‘जय भवानी–जय जागरण’ कार्यक्रम का आयोजन जय भवानी बबुआ ग्रुप द्वारा किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यह तीन दिवसीय जनहित मेला जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा और सांस्कृतिक समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। हजारों की संख्या में ग्रामीण विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
आयोजन में डॉ. दीपेन सिन्हा की दोनों बहनों—डॉ. आरती श्रीवास्तव एवं डॉ. आनंदिता रजत—का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। डॉ. आरती श्रीवास्तव नारी ज्ञानस्थली की प्राचार्या हैं, जबकि डॉ. आनंदिता रजत उसी संस्थान में प्रशासनिक दायित्व संभाल रही हैं। दोनों बहनें ATC Labs एवं NIPL की डायरेक्टर भी हैं और सामाजिक व शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
मेले के संचालन में जमुना दुबे, सुरेश, रविन्द्र, तीर्थराम, गुड्डू अली, आशीष दुबे, राजेश तिवारी, हेमंत सिन्हा, मनोज दुबे, ननकनऊ, दीपु, देवी प्रसाद, विनोद श्रीवास्तव, रमेश मिश्रा, भूखन पाठक, ब्रह्मदीन और रामकिशोर सहित अनेक गणमान्य लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।
