हड़ताल से उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की सभी शाखाएं बंद, गोंडा में 200 करोड़ का कारोबार प्रभावित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News :
गोंडा। आज मंगलवार 27 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की जनपद गोंडा स्थित सभी शाखाएं एवं क्षेत्रीय कार्यालय कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पूरी तरह बंद रहीं। बैंकिंग सेवाएं ठप रहने से जनपद में ग्रामीण बैंक का लगभग 200 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ।
बैंक कर्मचारी संगठनों का कहना है कि बैंक संगठनों और भारतीय बैंक संघ के बीच हुए बारहवें समझौते/नौवें ज्वाइंट नोट में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू किए जाने का प्रावधान किया गया था, लेकिन अब तक इसका क्रियान्वयन नहीं हो सका है। जबकि भारत सरकार के अन्य कार्यालयों, बीमा क्षेत्र, नाबार्ड, रिजर्व बैंक, सेबी सहित कई संस्थानों में पहले से ही पांच दिवसीय कार्यप्रणाली लागू है।
कर्मचारी संगठनों ने बताया कि बैंकों में स्टाफ की भारी कमी और कार्य का अत्यधिक दबाव होने के कारण कार्य-जीवन संतुलन बिगड़ रहा है। इसी तनाव के चलते कर्मचारी और अधिकारी गंभीर मानसिक दबाव में हैं, जिससे आत्महत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
हड़ताल के दौरान क्षेत्रीय कार्यालय गोंडा में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों की संयुक्त सभा आयोजित की गई। सभा में ओपी तिवारी, अरुण मिश्र, सूर्य प्रताप सिंह, केके पाण्डेय, सुरेश चंद, भानु प्रताप सिंह, अवनीश कुमार, प्रगति गुप्ता सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
इस दौरान भारत सरकार के वित्त मंत्रालय, वित्तीय सेवा प्रभाग के सचिव को संबोधित ज्ञापन क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार द्विवेदी को सौंपा गया। कर्मचारी संगठनों ने मांग की कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था शीघ्र लागू की जाए तथा स्टाफ की कमी दूर कर कर्मचारियों पर बढ़ते कार्यभार को कम किया जाए।