इंडियन बैंक की आवास विकास शाखा के नवसज्जित परिसर का लोकार्पण
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा।
देश के प्रमुख राष्ट्रीयकृत बैंकों में शामिल तथा जिले के अग्रणी बैंक इंडियन बैंक की आवास विकास शाखा, गोण्डा के नवसज्जित परिसर का लोकार्पण मंगलवार को किया गया। परिसर का उद्घाटन जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने फीता काटकर किया।
लोकार्पण समारोह में इंडियन बैंक गोण्डा के अंचल प्रमुख राजेश बडोरिया, उप अंचल प्रमुख संदीप कुमार सिन्हा, अग्रणी जिला प्रबंधक विनोद कुमार तिवारी सहित विशिष्ट ग्राहक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।
इस अवसर पर अंचल प्रमुख राजेश बडोरिया ने कहा कि जिले का अग्रणी बैंक होने के नाते इंडियन बैंक की जिम्मेदारी है कि ग्राहकों को बेहतर सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैंक अपनी सभी शाखाओं में तकनीक आधारित सेवाओं के विस्तार और साज-सज्जा को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि इंडियन बैंक ग्राहकों को आधुनिक और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। आवास विकास शाखा का यह नवसज्जित परिसर उसी का उदाहरण है। उन्होंने ग्राहक संतुष्टि, सामाजिक दायित्वों की पूर्ति और वित्तीय साक्षरता के प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ग्राहकों को आर्थिक और डिजिटल रूप से जागरूक करना समय की आवश्यकता है।
सहायक महाप्रबंधक राजेश बडोरिया ने बताया कि बैंक ग्राहकों की आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अपने अधिकार क्षेत्र में रहकर निरंतर प्रयासरत है। गोण्डा अंचल की सभी शाखाओं को ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप सुव्यवस्थित किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आवास विकास शाखा में ग्राहकों की सुविधा के लिए ग्राहक लॉबी का निर्माण किया गया है, जिसका उद्घाटन भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में शाखा प्रबंधक अमन श्रीवास्तव ने उपस्थित सभी अतिथियों और ग्राहकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अरुण कुमार, अमर सिंह मौर्या, आलोक कुमार, आशीष कुमार सिंह सहित बैंक के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
