सेवानिवृत्त होने पर खंड शिक्षा अधिकारी कोमल यादव को मिली भावभीनी विदाई
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। पंत नगर स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार में खंड शिक्षा अधिकारी कोमल यादव के सेवानिवृत्त होने पर एक भावनात्मक सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता, अपनत्व और स्मृतियों से भरा रहा। वर्षों की सेवा यात्रा पूरी कर रहे कोमल यादव को सहकर्मियों ने नम आंखों से विदाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कोमल यादव के कार्यकाल को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि कोमल यादव ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ किया। खंड स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, प्रशासनिक कार्यों को सुव्यवस्थित करने और शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित करने में उनकी भूमिका सराहनीय रही। उनके प्रयासों से शैक्षिक व्यवस्था को नई दिशा और मजबूती मिली।
खंड शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र त्रिपाठी ने भी कोमल यादव के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि वे एक अनुशासित, कर्मठ और सहज व्यक्तित्व के धनी अधिकारी रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में विभागीय कार्यों को गति मिली और समस्याओं का समाधान मानवीय दृष्टिकोण से किया गया। उन्होंने कहा कि कोमल यादव का अनुभव और व्यवहार लंबे समय तक विभाग को याद रहेगा।
कार्यक्रम में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी सुदीप पांडे, समय प्रकाश पाठक, राम खेलावन सिंह, शशांक कुमार सिंह, मनीष कुमार सिंह, नूतन जायसवाल, श्रवण कुमार तिवारी, सीमा पांडे, सुशील कुमार सिंह, रियाज अहमद, हर्षित पांडे सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए कोमल यादव के साथ बिताए गए कार्यकाल को याद किया।
समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कोमल यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा जगत में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। जिला समन्वयक राजेश सिंह, गणेश कुमार गुप्ता, प्रेम शंकर मिश्रा, आनंद प्रताप सिंह, जगदीश गुप्ता, रक्क्षन्दा सिंह, प्रवीन सिंह, नीरज त्रिपाठी, जन्मेजय सिंह, नितेश सहित अन्य लोगों ने भी भावभीनी विदाई दी।