बकायेदारों पर एसडीएम ने की कड़ी कार्रवाई

गोंडा

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

बकायेदारों पर एसडीएम ने बरती सख्ती, मचा हड़कंप

ग्रामीण बैंक के बड़े डिफॉल्टरों की भूमि कुर्क

गोंडा। सदर तहसील प्रशासन बकायेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है। उप जिलाधिकारी सदर अशोक कुमार गुप्ता की वसूली मुहिम से सरकारी बकाया चुकाने में टालमटोल करने वालों में हड़कंप मचा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा महादेवा कला (भवानीपुर) के बड़े ऋण बकायेदारों की भूमि कुर्क कर लाल झंडी लगाकर ग्राम प्रधान को सुपुर्द की गई।
जानकारी के मुताबिक 17 नवंबर 2025 को बैंक के बड़े बकायेदार जयप्रकाश मिश्रा पुत्र सीताशरण मिश्रा तथा परशुराम पांडे पुत्र बनवारीलाल पांडे (निवासी—करूवापारा) के खिलाफ राजस्व टीम व बैंक अधिकारियों ने संयुक्त वसूली कार्रवाई करते हुए कुर्की की। इसके बाद 20 नवंबर 2025 को देवेंद्र कुमार पुत्र शांति प्रसाद, संतोष कुमार पुत्र लक्ष्मी, जगत मनी पुत्र बालेश्वर तथा राजकुमार पुत्र रमाकांत (निवासी—पूरे धन्नीपुर, गयानापुर, इटियाथोक) की भूमि भी ऋण न चुकाने पर कुर्क की गई। कार्रवाई के दौरान अनेक गाटों के वैधानिक अंश का सत्यापन कर ग्रामवासियों की उपस्थिति में कुर्कशुदा भूमि पर लाल झंडी स्थापित कर दी गई। बाद में भूमि ग्राम प्रधान को सुपुर्द कर यह हिदायत दी गई कि किसी भी प्रकार के अतिक्रमण या झंडी क्षतिग्रस्त होने की सूचना तत्काल हल्का अमीन, लेखपाल, तहसीलदार और उपजिलाधिकारी को दें।
मौके पर क्षेत्रीय कानूनगो, ग्राम लेखपाल, बैंक शाखा प्रबंधक संजय कुमार मौर्य, विधि अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह तथा पुलिस बल मौजूद रहे। विधि अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने संवाददाता को बताया कि ऋण नहीं चुकाने वाले बकायेदारों की कुर्क भूमि की नीलामी उद्घोषणा तहसील प्रशासन द्वारा शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, ताकि बैंक और सरकार का बकाया राजस्व समय से वसूल हो सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *