कांग्रेस ने उठाए प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल, भाजपा पर बोला हमला

उत्तर प्रदेश गोंडा
महोबा कांड को लेकर कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की जांच के साथ भाजपा नेताओं की संपत्तियों की भी जांच कराने की मांग

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda news

गोंडा। कांग्रेस भवन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में राज कुमार मौर्य ने भाजपा सरकार पर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली सरकार महिलाओं, दलितों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम साबित हुई है।
प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में महोबा में एक दलित छात्रा के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म की बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। आरोप लगाया कि छात्रा को 16 दिनों तक बंधक बनाकर अमानवीय यातनाएं दी गईं, लेकिन इतनी गंभीर घटना के बावजूद प्रदेश सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचा।
उन्होंने कहा कि जब अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना देने के साथ हरसंभव मदद का भरोसा दिया, तो भाजपा सरकार इस पर असहज हो गई। आरोप लगाया कि इसके बाद सरकार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की संपत्तियों की जांच कराने में जुट गई।
डॉ. मौर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जांच से नहीं डरती और यदि अजय राय की संपत्ति की जांच कराई जाती है तो उसका स्वागत है, लेकिन यही जांच भाजपा सरकार के मंत्रियों, विधायकों और सांसदों की संपत्तियों की भी कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने अकूत संपत्ति अर्जित की है और उसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार में नैतिकता है तो जिस एजेंसी से कांग्रेस नेताओं की जांच कराना चाहती है, उसी एजेंसी से अपने नेताओं की संपत्तियों की भी जांच कराए। अन्यथा कांग्रेस पार्टी जनता के हित में भाजपा सरकार की नीतियों और कथित तानाशाही के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेगी और जनता के बीच सरकार की पोल खोलेगी।
प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, मीडिया प्रभारी शिव कुमार दुबे, पूर्व अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, निशांत सिंह बिसेन, बृजेश द्विवेदी, हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, राम बुझारत वर्मा, अरविंद शुक्ला, संतोष सिंह, अवधेश दुबे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

2 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *