सेंट जेवियर्स में लगा नि:शुल्क दंत स्वास्थ्य शिविर, 170 बच्चों की जांच में 60 में पाई गई दांतों की समस्या
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। शहर के मालवीय नगर स्थित सेंट जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल में बच्चों के दंत स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नि:शुल्क दंत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उन्नति डेंटल केयर क्लिनिक के वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. के.के. श्रीवास्तव ने बच्चों के दांतों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर के दौरान कक्षा दो और तीन के कुल 170 बच्चों के दांतों की जांच की गई। जांच में करीब 60 बच्चों में कैविटीज़ और दांतों की जड़ों से जुड़ी समस्याएं पाई गईं। डॉ. श्रीवास्तव ने बच्चों को दांतों की सही तरीके से सफाई करने, दिन में दो बार ब्रश करने और मीठे खाद्य पदार्थों के अत्यधिक सेवन से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित देखभाल और समय-समय पर जांच से दांतों की बीमारियों से बचाव संभव है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या जीन आनंद ने कहा कि बच्चों की छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याएं समय पर ध्यान न देने पर आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यालय समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर बच्चों और अभिभावकों को जागरूक करने का प्रयास करता रहता है।
इस अवसर पर प्रेक्षा मैम ने कहा कि यदि शुरुआती अवस्था में ही बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का पता चल जाए तो अभिभावकों को समय रहते सूचित कर उचित उपचार कराया जा सकता है, जिससे भविष्य में होने वाली गंभीर दिक्कतों से बचाव संभव है।
कार्यक्रम में दर्पण मैम सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस पहल को बच्चों के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताते हुए डॉ. श्रीवास्तव और उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
