सोनबरसा स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी छात्राओं व अभिभावकों का हुआ सम्मान
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। शिक्षा क्षेत्र मनकापुर के कम्पोजिट विद्यालय सोनबरसा बक्सरा आज्ञाराम में गुरुवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं और शैक्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा उनके अभिभावकों को भी विशेष रूप से सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया।
समारोह में छात्रा उन्नति, अंशिका मौर्य और संगीता भारती को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा, राष्ट्रीय अविष्कार अभियान समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके अभिभावकों बजरंगी प्रसाद, कमला देवी और निशा को भी फूलमाला पहनाकर तथा उपहार स्वरूप नाश्ता प्लेट, चम्मच और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की ओर से मेधावी बच्चों को स्टेशनरी, केक, बोतल, मोम कलर, शैम्पू, टूथपेस्ट और टूथब्रश समेत अन्य उपयोगी सामग्री भी उपहार के रूप में प्रदान की गई। इस पहल से बच्चों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक बलजीत सिंह कनौजिया ने कहा कि जिन बच्चों को इस बार पुरस्कार नहीं मिल पाया है, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। सभी विद्यार्थियों में प्रतिभा मौजूद है, आवश्यकता केवल निरंतर अध्ययन और मेहनत की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह चाबी है, जिससे दुनिया के किसी भी ताले को खोला जा सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष बजरंगी प्रसाद, वरिष्ठ शिक्षक आलोक कुमार भारती, शिक्षक अरुण कुमार सिंह, अमर ज्योति, अनुराधा मिश्रा सहित अन्य शिक्षक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह के दौरान बच्चों में उत्साह और प्रेरणा का वातावरण देखने को मिला।
