मध्यान्ह भोजन के लिए गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। परिषदीय विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन के सुचारु संचालन हेतु गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। कार्यकारी अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी वीरेन्द्र कुमार तिवारी को सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि कई विद्यालयों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने से मध्यान्ह भोजन योजना प्रभावित हो रही है, जिससे छात्रों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। महासंघ ने मांग की कि सभी विद्यालयों में नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि योजना का संचालन निर्बाध रूप से हो सके।
प्रशासनिक अधिकारी वीरेन्द्र कुमार तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिला संयुक्त महामंत्री आनन्द प्रताप सिंह, संयुक्त मंत्री भास्कर दूबे, ब्लॉक कटरा के अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, ब्लॉक बेलसर के मंत्री मनोज कुमार शुक्ला, मीडिया प्रभारी संजय कुमार श्रीवास्तव सहित जितेन्द्र कुमार तिवारी व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।