35 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, मौसम विभाग का अलर्ट जारी
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा।
प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। India Meteorological Department (मौसम विभाग) ने ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए रविवार 15 मार्च को उत्तर प्रदेश के करीब 35 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। साथ ही गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है। इसके चलते कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ तेज हवा चलने और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार जिन जिलों में मौसम प्रभावित रहने की संभावना है, उनमें देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और सीतापुर शामिल हैं। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस और कासगंज में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं सहित आसपास के क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ वर्षा और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है। खेतों में खड़ी फसलों को भी आंधी और ओलावृष्टि से नुकसान होने की आशंका जताई गई है।