हरियाली थीम के साथ इंडियन बैंक ने किया राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
308 खातों में 3.74 करोड़ रुपये के ऋण मामलों का निस्तारण
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा।
देश के प्रमुख राष्ट्रीयकृत एवं जिले के अग्रणी बैंक इंडियन बैंक द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर “हरियाली थीम” के साथ विशेष पहल करते हुए ऋण मामलों के निस्तारण का सफल आयोजन किया गया। इंडियन बैंक अंचल कार्यालय, गोंडा की ओर से 14 मार्च 2026 को आयोजित इस लोक अदालत में बैंक अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरे रंग की टी-शर्ट पहनकर सहभागिता की और समाज में हरियाली तथा खुशहाली का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम की पहल क्षेत्र महाप्रबंधक कार्यालय लखनऊ के मुख्य महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता के निर्देशन में की गई, जबकि इसका संचालन इंडियन बैंक अंचल कार्यालय गोंडा के अंचल प्रमुख राजेश बडोरिया के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोक अदालत में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए लंबित ऋण मामलों के निस्तारण पर जोर दिया।
अंचल प्रमुख राजेश बडोरिया ने बताया कि इंडियन बैंक अपने व्यावसायिक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की बड़ी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से बैंक के सभी अधिकारी इस लोक अदालत में हरे रंग की टी-शर्ट पहनकर शामिल हुए, ताकि समाज को हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि बैंक का प्रयास है कि किसानों और अन्य उधारकर्ताओं को ऋण के बोझ से मुक्त कर उनके जीवन में आर्थिक स्थिरता और खुशहाली लाई जाए।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान बैंक से जुड़े कुल 308 खातों के ऋण मामलों का निस्तारण किया गया, जिनमें लगभग 3.74 करोड़ रुपये की ऋण राशि का समायोजन हुआ। इस पहल से कई उधारकर्ताओं को राहत मिली और बैंक व ग्राहकों के बीच सौहार्दपूर्ण समाधान का मार्ग प्रशस्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बैंक के उप अंचल प्रमुख संदीप कुमार, मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार, अमर सिंह मौर्य, आलोक कुमार, आशीष कुमार सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक विनोद कुमार तिवारी, ओम प्रकाश मिश्रा सहित जिले की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक और अन्य बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और वित्तीय अनुशासन को साथ लेकर चलने की आवश्यकता पर बल दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में भागीदारी की अपील भी की।