टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर शिक्षक संघ ने चलाया पोस्टकार्ड अभियान, 2500 पोस्टकार्ड भेजे
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा।
उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की प्रांतीय, मंडलीय एवं जनपदीय इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को टीईटी (TET) की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर बड़े पैमाने पर पोस्टकार्ड अभियान चलाया गया। प्रांतीय संयुक्त मंत्री पवन कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष परवेज़ अकरम और जिला अध्यक्षा किरण सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत 500 से अधिक शिक्षकों ने देश के शीर्ष संवैधानिक और राजनीतिक पदाधिकारियों को 2500 पोस्टकार्ड प्रेषित किए।
अभियान के दौरान शिक्षकों ने महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय तथा नेता प्रतिपक्ष को संबोधित पोस्टकार्ड भेजकर मांग की कि टीईटी लागू होने की तिथि से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए इसकी अनिवार्यता समाप्त की जाए। शिक्षकों का कहना है कि पूर्व में नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की बाध्यता थोपना न्यायोचित नहीं है और इससे बड़ी संख्या में शिक्षकों के भविष्य पर संकट उत्पन्न हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) देवीपाटन मंडल गोण्डा श्री रामसागर पति त्रिपाठी का सहयोग और मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ, जिसके लिए शिक्षकों ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता, मंडल कोषाध्यक्ष सुधाकर सिंह, मंडल संयुक्त मंत्री रुद्र प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष कुमकुम श्रीवास्तव, जिला मंत्री अनिल कुमार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष, विशिष्ट बीटीसी ब्लॉक अध्यक्ष मनकापुर राम गोपाल, अजीत सिंह, अरुण कुमार सिंह, अतुल कुमार, हिमांशु त्रिपाठी, ब्लॉक मंत्री पंडरी कृपाल नरसिंह पाल वर्मा, संयुक्त मंत्री सरिता सिंह, शबाना खान, उमेश जैसवाल, ब्लॉक उपाध्यक्ष मिथिलेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
