किल्लत का शोर बढ़ने पर अब रसोई गैस की कालाबाजारी शुरू

उत्तर प्रदेश गोंडा

 

किल्लत के शोर में दब रही आम उपभोक्ताओं की आवाज, काले बाजार में 1500 रुपये के पार पहुंचा सिलेंडर
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़े तनाव और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों ने जनपद में रसोई गैस को लेकर हड़कंप जैसी स्थिति पैदा कर दी है। हालात यह हैं कि कई स्थानों पर उपभोक्ता सुबह से ही गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों के बाहर कतार लगाकर सिलेंडर लेने के लिए जूझते नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बाजार में किल्लत की चर्चाओं ने आम उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार जनपद में रसोई गैस उपभोक्ताओं की कुल संख्या लगभग 4,15,896 है, जबकि जिले में 76 गैस एजेंसियां संचालित हैं। यहां इंडेन, भारत गैस और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के माध्यम से घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जाती है। इसके अलावा कुछ शहरी क्षेत्रों में टोरेंट गैस की पाइपलाइन के जरिए भी घरों तक गैस पहुंचाई जा रही है।
जिले में रसोई गैस की आपूर्ति मुख्य रूप से गोण्डा, सुल्तानपुर और देवरिया के बेतालपुर डिपो से की जाती है। उपभोक्ताओं को 14.2 किलोग्राम और 5 किलोग्राम के सिलेंडरों के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाती है।
अफवाहों से बढ़ी भीड़, एजेंसियों पर लंबी कतारें
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और बाजार में गैस की कमी को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इन चर्चाओं के कारण उपभोक्ताओं में आशंका बढ़ गई है कि कहीं गैस की आपूर्ति बाधित न हो जाए। इसी डर के चलते बड़ी संख्या में लोग समय से पहले ही सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं।
परिणामस्वरूप कई स्थानों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं और उपभोक्ताओं को गैस लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
कालेबाजार में बढ़े दाम
गैस की किल्लत के शोर के बीच कालेबाजारियों की सक्रियता भी बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार बाजार में कुछ स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडर 1500 रुपये से अधिक कीमत पर बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है।
एजेंसियों की भूमिका पर उठ रहे सवाल
उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस की किल्लत को लेकर एजेंसियों की ओर से भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कई लोग यह भी आरोप लगा रहे हैं कि किल्लत के माहौल में कुछ लोग स्थिति का फायदा उठाकर गैस की कालाबाजारी को बढ़ावा दे रहे हैं।
प्रशासन ने किया निरीक्षण
स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह ने कई गैस एजेंसियों और वितरण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपभोक्ताओं से बातचीत कर व्यवस्था की जानकारी ली और एजेंसी संचालकों को नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए।
अफवाहों से बचने की अपील
जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि जिले में रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य है। उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। उपभोक्ता अपने घर से ही गैस की बुकिंग कराएं, ताकि सभी को सुचारु रूप से गैस मिल सके।
13 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *