एनएसएस शिविर के चौथे दिन ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता रैली, पोस्टर व खेल प्रतियोगिताएं आयोजित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News

गोण्डा।
सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पी.जी. कॉलेज में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन गुरुवार को विविध सामाजिक, शैक्षिक और खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि अरविन्द बाल शिक्षा मंदिर के प्रांगण की साफ-सफाई से हुई, जिसके बाद योग प्रशिक्षक अंजनी कुमार दुबे और करुणेश पटेल ने स्वयंसेविकाओं को योगाभ्यास कराया।
अल्पाहार के उपरांत कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मौसमी सिंह और डॉ. नीतू सिंह के मार्गदर्शन में स्वयंसेविकाओं ने उपरहितन पुरवा और रानीपुरवा में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर जागरूकता रैली निकाली। रैली जानकीनगर ग्राम प्रधान शिव बहादुर पाण्डेय के आवास तक पहुंची, जहां स्वयंसेविकाओं ने ग्रामीणों को बालिकाओं की शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी समाज में बेटियों के महत्व का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में लक्ष्मी, ज्योति, आनन्दा, निशा, कशिश, खुशी और श्रेया सहित अन्य स्वयंसेविकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
भोजनावकाश के बाद ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में श्रद्धा गंगवार ने प्रथम, मरियम और पूर्णिमा शुक्ला ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा निशा यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बौद्धिक सत्र में रेडियो ज्ञानस्थली 89.6 एफएम से इरफान और उनकी टीम ने सरकार द्वारा संचालित एमडीए कार्यक्रम सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी स्वयंसेविकाओं को दी। इसके पश्चात खेल प्रशिक्षिका लक्ष्मी देवी ने स्वयंसेविकाओं के बीच खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन कराया।
कार्यक्रम के संचालन में एनएसएस कर्मचारी विजय प्रकाश श्रीवास्तव और दिनेश श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा।
