राष्ट्रीय जंबूरी में कंपोजिट विद्यालय कोल्हमपुर इमाम के छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, मार्च पास्ट व टावर निर्माण से जीता सबका दिल
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा।
19वीं राष्ट्रीय जंबूरी भारत स्काउट्स एंड गाइड्स में कंपोजिट विद्यालय कोल्हमपुर ईमाम (नवाबगंज) के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। छात्रों ने मार्च पास्ट, साहसिक गतिविधियों, क्रियाकलापों तथा गेट एवं टावर निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और लोगों की सराहना प्राप्त की।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मिश्र तथा जिला प्रशिक्षण आयुक्त आराधना मिश्र के नेतृत्व में छात्रों ने जंबूरी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। बच्चों के अनुशासन, टीम भावना और रचनात्मकता की सभी ने प्रशंसा की। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 35 हजार स्काउट्स और गाइड्स ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।
जंबूरी में आयोजित प्रतियोगिताओं के दौरान प्रतिभागियों ने अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से स्काउट्स-गाइड्स के मूल सिद्धांतों—सेवा, सहयोग और नेतृत्व—को प्रदर्शित किया। कंपोजिट विद्यालय कोट्ठमपुर के छात्रों ने भी पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रमों में भाग लेकर विद्यालय और जनपद की प्रतिष्ठा बढ़ाई।
कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्काउट्स-गाइड्स जैसी गतिविधियाँ युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सेवा भाव का विकास करती हैं। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि जंबूरी में शामिल होकर छात्रों को देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और कार्यशैली को जानने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक युवा जनसंख्या वाला राज्य है और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा तथा सकारात्मक सोच भारत को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं, जिससे वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।