सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज की एनएसएस इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में सोमवार को उपरहितनपुरवा स्थित महर्षि अरविन्द बाल शिक्षा मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जानकी नगर के प्रधान शिव बहादुर पाण्डेय तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव शंकर शुक्ल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसमें अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान छात्रा सविता मक्कड़ ने राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों और उसके उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में निशा यादव ने कविता पाठ किया, जबकि कशिश की टीम ने सामाजिक संदेश पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। वहीं श्रेया और श्रद्धा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। सिमरन शुक्ला, कशिश, श्रद्धा और खुशी ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मौसमी सिंह और डॉ. नीतू सिंह ने बताया कि शिविर के प्रथम दिन स्वयंसेवी छात्राओं ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। शिविर के पहले दिन की थीम ‘युवा शक्ति : सामाजिक परिवर्तन की दिशा में’ रखी गई, जिसे राधा मिश्रा ने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
बौद्धिक सत्र के अंतर्गत महाविद्यालय के वाणिज्य प्रवक्ता राजेश मिश्रा ने आर्थिक विकास के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला और छात्राओं को समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन राधा मिश्रा और पूर्णिमा ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव, व्यवस्थापिका डॉ. आनन्दिता रजत, श्रीमती रंजना बन्धु, डॉ. नीलम छाबड़ा, डॉ. हरप्रीत कौर, तन्वी जायसवाल, वन्दना मिश्रा, रोली श्रीवास्तव, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव सहित अनेक शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।