कोड़र झील के तट पर लगे रामेश्वर नाथ धाम जनहित मेले में सेवा और संस्कार का संगम, सिन्हा फाउंडेशन ने 10 टीबी मरीजों को लिया गोद
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। जनपद के नौबस्ता ग्राम स्थित पावन रामेश्वर नाथ धाम परिसर में आयोजित तीन दिवसीय जनहित मेले के दूसरे दिन सेवा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकार का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में दूर-दराज़ से आए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए दिनभर रौनक बनी रही।
द्वितीय दिवस का मुख्य आकर्षण विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याण स्टॉल रहे, जहां ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मेडिकल कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की और जरूरत के अनुसार ब्लड टेस्ट की सलाह दी। निःशुल्क टीबी जांच, फेफड़ों की जांच और शुगर परीक्षण की सुविधा दी गई। जरूरतमंदों को मौके पर ही दवाएं वितरित की गईं।
आयोजकों की ओर से स्वास्थ्य सेवा को विशेष प्राथमिकता दी गई। सीएचसी वजीरगंज के एलटी सुनील के सहयोग से दस टीबी मरीजों को चिन्हित किया गया। इन मरीजों को सरकार की निःशुल्क दवा योजना की जानकारी दी गई। वहीं, सिन्हा फाउंडेशन की पहल पर मुख्य आयोजक डॉ. दीपेन सिन्हा ने दस टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें छह माह तक प्रोटीन युक्त पोषक आहार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली। इस दौरान मरीजों को विशेष डाइट किट भी वितरित की गई।
आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर में चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श दिया और निःशुल्क औषधियां बांटीं। विद्युत विभाग के स्टॉल पर बिजली बिल संबंधी शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा नए कनेक्शन के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
मेले में सजे मीना बाजार, चाट-पकौड़ी और अन्य व्यंजन स्टॉलों पर बच्चों और ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। कठपुतली शो, मैजिक शो और निःशुल्क ऊंट सवारी ने विशेष आकर्षण पैदा किया। बच्चों के लिए आयोजित दौड़ एवं अन्य खेल प्रतियोगिताओं में अमन शर्मा, वर्तिका, किंजल, विवेक, जागृति पांडेय, जोगिंदर, जुनेट, अर्जु, प्रवेश, अंजू और कृष्णा शर्मा सहित कई प्रतिभागियों ने गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीते। मेडल वितरण अमेरिका से पधारे डॉ. संजय, रोमा निगम एवं मेला आयोजक मंडल द्वारा किया गया। आयोजन में अभय ने सहयोगात्मक भूमिका निभाई।
सायंकाल मंदिर परिसर में भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आरती के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। रात्रि 8 बजे से 12 बजे तक अवधी गायक दीवाकर द्विवेदी ने ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसे सुनने के लिए चार से पांच हजार दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

मेले के सफल संचालन में डॉ. दीपेन सिन्हा के साथ उनकी बहनों डॉ. आरती श्रीवास्तव और डॉ. आनंदिता रजत का विशेष सहयोग रहा। जनहित मेले के दूसरे दिन की गतिविधियों ने सामाजिक सरोकार और जनसेवा की मिसाल पेश की।