बेटियाँ लिख रहीं हैं आत्मबल आत्मविश्वास की नई इबारत : डीएम

गोरखपुर उत्तर प्रदेश गोंडा
कार्यक्रम में झलका बेटियों का आत्म सम्मान आत्म स्वाभिमान : सीडीओ
डीएम और सीडीओ ने कार्यक्रम में पहुंच बढ़ाया बेटियों का आत्मविश्वास
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की 60 छात्राओं ने किया कार्यक्रम में प्रतिभाग
बेटियों ने सुनाई पढ़ाई से खुद में बदलाव की कहानी, जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुआ कार्यक्रम
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News

गोंडा। किशोरियों में आत्मसम्मान, स्वाभिमान और जीवन कौशल को मजबूती देने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में ‘बेटी, स्वाभिमान और सफलता की ओर–2.0’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम में जनपद के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कोविड-19 मीना मंचों के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर चयनित 60 छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे और समाज में सकारात्मक बदलाव से जुड़ी प्रेरक कहानियां साझा कीं।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि “ऐसे मंच बालिकाओं को अपनी बात निर्भीकता से रखने का अवसर देते हैं। आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाली बेटियां ही समाज और देश का भविष्य संवारेंगी। प्रशासन का प्रयास है कि हर बेटी को समान अवसर और सुरक्षित वातावरण मिले।”
मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने कहा कि “किशोरियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने में इस तरह के कार्यक्रम बेहद प्रभावी हैं। जब बेटियां अपने अनुभव साझा करती हैं, तो वे न केवल खुद को सशक्त बनाती हैं, बल्कि अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनती हैं।”
कार्यक्रम के अंतर्गत दो प्रमुख प्रतियोगिताओं—‘मेरे बदलाव की कहानी’ और पोस्टर निर्माण—का आयोजन किया गया। ‘मेरे बदलाव की कहानी’ प्रतियोगिता में छात्राओं ने शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक रूढ़ियों से संघर्ष और आत्मविश्वास से जुड़े अनुभव प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। मंडल स्तरीय चयन हेतु आयोजित इस प्रतियोगिता में रिमझिम तिवारी (यूपीएस बलपुर) प्रथम, सौम्या मौर्य (सीएस कंपोजिट विद्यालय) द्वितीय, करिश्मा तिवारी (केजीबीवी इटियाथोक) तृतीय, अंकुशा भारती (केजीबीवी बेलसर) चतुर्थ तथा हर्षिका (केजीबीवी नवाबगंज) पंचम स्थान पर रहीं।
वहीं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में नारी सशक्तिकरण, शिक्षा का महत्व, आत्मसम्मान और समानता जैसे विषयों को रचनात्मक रूप से उकेरा गया। इसमें नंदिनी यादव (केजीबीवी नवाबगंज) प्रथम, इशिता यादव (सीएस बलपुर) द्वितीय, सपना मौर्य (पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय) तृतीय, रजनीश सिंह (यूपीएस टेढ़ीबाजार) चतुर्थ और लक्ष्मी सोनी (केजीबीवी इटियाथोक) पंचम स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में आत्मसम्मान का विकास, लैंगिक रूढ़ियों का उन्मूलन, अभिव्यक्ति का सशक्त मंच प्रदान करना और जीवन कौशल को सुदृढ़ कर उन्हें जागरूक नागरिक के रूप में तैयार करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन बालिकाओं के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राजेश सिंह, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी सुदीप पांडे, एसआरजी विनीता कुशवाहा, जिला नोडल अधिकारी निवेदिता द्विवेदी, मास्टर ट्रेनर पंकज चौधरी, माधुरी तिवारी, रामायण मिश्र, कल्पना तिवारी, तान्या हलदर सहित अनेक शिक्षक, प्रशिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रघुनाथ पांडेय ने किया, जबकि अंत में बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक रक्क्षंदा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से छात्राओं में उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलकता रहा। प्रतिभागी छात्राओं ने इसे अपने जीवन को नई दिशा देने वाला प्रेरणादायक अनुभव बताया।

बेटियों को सम्मानित करते हुए डीएम व सीडीओ

10 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *