देवीपाटन मंडल के लिए गौरव का क्षण
सतीश चन्द्र पांडेय मेमोरियल हॉस्पिटल को राज्य स्तरीय MSME पुरस्कार, 24 जनवरी को मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। देवीपाटन मंडल एवं जनपद गोण्डा के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण समाचार है। स्वास्थ्य सेवा (हेल्थकेयर) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए शहर के प्रतिष्ठित सतीश चन्द्र पांडेय मेमोरियल हॉस्पिटल का चयन वर्ष 2025-26 के राज्य स्तरीय MSME पुरस्कार के लिए किया गया है। यह सम्मान आगामी ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के अवसर पर 24 जनवरी 2026 को प्रदान किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग द्वारा घोषित प्रादेशिक पुरस्कारों की सूची के अनुसार, यह पुरस्कार सेवा क्षेत्र (उद्यमी विशिष्ट पुरस्कार) – हेल्थकेयर श्रेणी में दिया जा रहा है। उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी पत्र संख्या 749/एमएसएमई-17/2025-26 के तहत लखनऊ के बसंत कुंज स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर आयोजित भव्य समारोह में योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
अस्पताल की ओर से चेयरमैन डॉ. ओ.एन. पांडेय यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण करेंगे। संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार द्वारा जारी सूची में सेवा क्षेत्र के अंतर्गत हेल्थकेयर श्रेणी में सतीश चन्द्र पांडेय मेमोरियल हॉस्पिटल को विशिष्ट स्थान मिला है।
सम्मान की घोषणा पर डॉ. ओ.एन. पांडेय एवं उनकी पूरी टीम ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए, बल्कि पूरे देवीपाटन मंडल और गोण्डा जनपद के लिए प्रेरणास्रोत है, जो जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और उद्यमशीलता की सशक्त पहचान को दर्शाती है।
विभाग ने चयनित उद्यमियों को निर्देशित किया है कि वे 24 जनवरी को लखनऊ में आयोजित समारोह में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। वहीं एससीपीएम ग्रुप के निदेशक अजिताभ दुबे ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार जताया है।