‘टाइम मशीन’ थीम पर गीता इंटरनेशनल स्कूल का भव्य वार्षिकोत्सव
सतयुग से भविष्य तक की सभ्यता यात्रा का प्रभावशाली मंचन
प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं ने पेश किए अनूठे संस्कृतिक कार्यक्रम
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता


Gonda News
गोण्डा। गीता इंटरनेशनल स्कूल, जयनगरा, बलरामपुर रोड, गोण्डा में 20 दिसंबर 2025 को विद्यालय का वार्षिकोत्सव भव्य, अनुशासित एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ आयोजित किया गया। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर समन्वय देखने को मिला। इस वर्ष समारोह की विशेष थीम ‘टाइम मशीन’ रही, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने मानव सभ्यता की यात्रा को सतयुग से कलियुग तक और भविष्य में कल्कि अवतार के माध्यम से पुनः सतयुग की स्थापना की अवधारणा को प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिला जज नम्रता अग्रवाल और अपर जिला जज दानिश हसनैन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में शिवमूर्ति मिश्रा, फादर अरुण मोरस, रेखा शर्मा, अरविंद शर्मा तथा डिप्टी आरएमओ खाद्य विभाग गोण्डा नृपुंजय पाठक की उपस्थिति रही, जिनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।
वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, संगीत और मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से मानव सभ्यता के विकास क्रम को जीवंत किया। सतयुग की पवित्रता, त्रेता और द्वापर युग के परिवर्तन, कलियुग में बढ़ते अधर्म और अंततः धर्म की पुनर्स्थापना की अवधारणा को बच्चों ने सशक्त अभिनय, भाव-भंगिमाओं और संवादों के जरिए दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली रही कि सभागार बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, मंचीय आत्मविश्वास और अनुशासन की प्रशंसा की। साथ ही विद्यालय में दी जा रही संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास पर बल दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति की संस्थापिका उर्मिला अग्रवाल, प्रबंधक रंगेश अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, प्रिंसिपल नीलम अग्रवाल, एकेडमिक डायरेक्टर विमल कुमार राय सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और कार्यक्रम की उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। गीता इंटरनेशनल स्कूल का यह वार्षिकोत्सव न केवल मनोरंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुति का मंच बना, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास भी साबित हुआ।