यूनिसेफ व विक्रमशिला ने मुख्यसेविकाओं को दिया ईसीसीई का प्रशिक्षण
51 सुपरवाइज़रों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में किया प्रतिभाग
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News :
गोंडा। जिले में यूनिसेफ, विक्रमशिला एजुकेशन रिसोर्स सोसाइटी एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य सेविकाओं (सुपरवाइज़र) का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रथम चरण के इस प्रशिक्षण के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रतिभागी मुख्य सेविकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। द्वितीय चरण का प्रशिक्षण 26 एवं 31 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा।
प्रथम चरण के प्रशिक्षण में जनपद के सभी 17 बाल विकास परियोजनाओं से कुल 51 मुख्य सेविकाओं ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान सहयोगात्मक पर्यवेक्षण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा ईसीसीई का महत्व, बच्चों के शुरुआती 1000 दिनों की समुचित देखभाल, खुशी की चौपाल, समुदाय आधारित गतिविधियों के आयोजन तथा सेक्टर स्तरीय निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने प्रशिक्षण सत्र में सहभागिता की। उन्होंने प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता परखी तथा प्रशिक्षणार्थियों से उनके सीखने के अनुभवों पर संवाद किया। इस अवसर पर जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल के रूप में विकसित करने पर विशेष चर्चा की गई।
विक्रमशिला संस्था के मंडल प्रबंधक कृष्ण मोहन सिंह ने नो-कॉस्ट एवं कबाड़ से जुगाड़ की सामग्री का उपयोग कर आंगनबाड़ी केंद्रों को आकर्षक बनाने तथा मिट्टी के खिलौने तैयार करने के व्यावहारिक टिप्स साझा किए। उन्होंने बताया कि इससे ईसीसीई सत्रों के संचालन में आसानी होगी और बच्चों के लिए सीखने-सिखाने की प्रक्रिया अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बनेगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विक्रमशिला की ओर से जिला समन्वयक इंद्रभान तिवारी के साथ विभिन्न परियोजनाओं से मुख्य सेविकाएं अंकिता श्रीवास्तव, साधना साहू, दीपाली सिंह, सुमिता वर्मा, प्रीति, शमा परवीन, सोनम, आरती देवी, निधि पांडेय, प्रियंका मिश्रा, प्रियंका पांडे, सरिता चौधरी, लक्ष्मी यादव, प्रज्ञा दुबे, रंजना सिंह, अनुपम मिश्रा, दिव्या पाठक, अनुपमा तिवारी, नेहा परवीन, शिवांगी, कलावती, दुर्गेश कुमारी, नीलम सिंह, शैली, मनीषा अवस्थी, शिवानी साहू, ज्योति वर्मा, तस्मिया, प्रीति पांडेय, रीना देवी, इबरत बेगम, मंजू मौर्य, निधि वर्मा, ललती कुमारी, मानसी शुक्ला, नम्रता शुक्ला, दीपिका पांडेय सहित अन्य मुख्य सेविकाएं उपस्थित रहीं।